10 जून 2020 - 14:04
इराक़ी स्वयं सेवी बल पहले से ज़्यादा शक्ति के साथ इराक़ की सेवा कर रहा हैः फ़य्याज़

इराक़ के स्वयं सेवी बल के प्रमुख ने कहा है कि यह संगठन पहले से भी अधिक शक्ति के साथ देश की सेवा कर रहा है।

आतंकी गुट दाइश द्वारा नैनवा प्रांत के केंद्र मूसिल पर क़ब्ज़ा करने के दिन के उपलक्ष्य में इराक़ी स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी के प्रमुख फ़ालेह अलफ़य्याज़ ने आतंकवाद से संघर्ष में इस बल के त्याग व बलिदान को याद करते हुए कहा कि यह बल अब अधिक शक्ति के साथ देश की सेवा में लगा हुआ है। दाइश ने दस जून 2014 को कुछ स्थानीय लोगों व बाहरी शक्तियों की मदद से इराक़ के दूसरे सबसे बड़े शहर मूसिल पर क़ब्ज़ा कर लिया था। यह शहर राजधानी बग़दाद से 400 किलो मीटर दूर है। इराक़ी स्वयं सेवी बल के प्रमुख ने इस दिन के उपलक्ष्य में एक बयान जारी करके कहा है कि यह बल सभी मैदानों में उपस्थिति के लिए तैयार है और उसने जो प्रण लिया है, उससे कभी पीछे नहीं हटेगा।

 

फ़ालेह अलफ़य्याज़ ने दाइश के हाथों मूसिल पर क़ब्ज़े और उसके बाद कई अन्य शहरों पर उसके नियंत्रण के कारण इराक़ी जनता को पहुंचने वाले दुखों और इराक़ के वरिष्ठ धर्मगुरू आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली सीस्तानी की ओर से दाइश के ख़िलाफ़ जेहाद का फ़त्वा दिए जाने की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि इस फ़त्वे ने लोगों के हौसले बढ़ा दिए और उन्होंने "अपमान हमसे दूर है" के इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के नारे को साक्षात कर दिखाया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने देखा कि इराक़ी सेना और स्वयं सेवी बल के मुक़ाबले में दाइश के आतंकी किस तरह भाग खड़े हुए।